धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
घोसी। भारतीय जनता पार्टी के घोसी मंडल की सत्यापन बैठक बुधवार को मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्देशिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने तथा सक्रिय सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया गया। संचालन मंडल मंत्री राजीव चौबे ने किया।
बैठक के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष राम अनुज सिंह उर्फ चुन्नू ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।
मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्देशिया ने कहा कि सत्यापन बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के कार्यक्रमों को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल महामंत्री सुनील कुमार, मंडल उपाध्यक्ष इंद्र बहादुर सिंह, रजनीश चौरसिया, फिरोज अंसारी, डा. सीबी जायसवाल, एहतेशाम शेख, रूपेंद्र भारती, चंद्रशेखर, अविनाश, रामविजय, अतुल राय, विनित राय, सनोज चौहान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
