तीन प्रतिशत ब्याज पर किसानों को मिला करीब 10 लाख रुपये का केसीसी ऋण


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

जिला सहकारी बैंक घोसी के ऋण वितरण शिविर में सात किसानों को बांटे गए स्वीकृत ऋण के चेक

घोसी (मऊ)। किसानों को कृषि कार्यों के लिए समय पर और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सहकारी बैंक घोसी की ओर से ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 20 किसानों के सापेक्ष सात पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। बैंक के चेयरमैन अखिलेश तिवारी ने लाभार्थी किसानों को स्वीकृत ऋण की धनराशि के चेक प्रदान किए।

शिविर में किसानों को बताया गया कि निर्धारित प्रावधानों के तहत किसान क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले ऋण पर प्रभावी ब्याज दर तीन प्रतिशत रहती है। इससे किसानों को खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी और उन्हें समय पर धन की उपलब्धता हो सकेगी।

बैंक चेयरमैन अखिलेश तिवारी ने कहा कि सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहकारिता विभाग किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य किसानों को कम ब्याज दर पर सुगमता से ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। उन्होंने किसानों से केसीसी समेत सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

पात्र किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने पर जोर

शाखा प्रबंधक अशोक कुमार ने कहा कि बैंक की ओर से पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। कृषि कार्यों के लिए किसानों को समय पर धन मिल सके, इसके लिए अधिक से अधिक पात्र किसानों को बैंक की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

एडीओ कोऑपरेटिव अखिलेश कुमार ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास जारी है। पात्र किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर केसीसी और अन्य ऋण योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों से ऋण की समय से अदायगी करने की अपील की।

शिविर में ऋण पाने वाले किसानों में शिव प्रसाद सिंह, फूलचंद, हरिश्चंद्र प्रजापति, शिवाजी सिंह, उषा कुमारी, हरिकृष्ण और कल्पनाथ शामिल रहे। इस दौरान कैशियर प्रवीण कुमार, बी-पैक्स के प्रतिनिधि, किसान और बैंक कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें