गंदे पानी में जीने को मजबूर वार्डवासी, प्रदर्शन कर जताया आक्रोश


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

घोसी, मऊ। घोसी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 में जलभराव की समस्या अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी बन गई है। बस स्टेशन के पश्चिमी तरफ से डॉ. प्रभुनाथ रोड जाने वाली गली में कई महीनों से नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा है। इससे नाराज वार्डवासियों ने रविवार को प्रदर्शन कर नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली सड़क के बीच से गुजरती है, लेकिन पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वालों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों के अनुसार जलभराव के कारण कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।

लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शन कर रहे राजेश मंडेला ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर नगर पंचायत से लेकर तहसील दिवस तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हर बार आश्वासन मिलता है, लेकिन कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।

वार्डवासियों ने बताया कि 18 जुलाई को भी नगर पंचायत घोसी में लिखित प्रार्थना पत्र देकर जलभराव और जलनिकासी की समस्या दूर कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद मौके की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है तथा रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शन में राजेश मंडेला, रघुवीर, पवन पांडेय, अच्छे लाल, श्रीकृष्ण, आदर्श कुमार, लल्लन कुमार, विनोद वर्मा, अमित वर्मा, बब्लू, अरविंद, संजीव, काशीनाथ और रविंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से सड़क पर जमा गंदे पानी की तत्काल निकासी कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें