प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से संवरेगा श्रमिकों का भविष्य : अर्चना


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। आर्च फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार शाम कसारा स्थित कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत श्रमिकों के लिए निशुल्क ई-श्रम कार्ड बनाने का अभियान शुरू किया गया। शिविर में श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनवाने के साथ ही आधार में संशोधन और आयुष्मान कार्ड से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

आर्च फाउंडेशन की संस्थापिका अर्चना मिश्रा ने कहा कि श्रमिक अपने खून-पसीने से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना समेत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचने से उनका भविष्य सुरक्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई श्रमिक अब तक ई-श्रम कार्ड नहीं बनवा पाए थे।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में लगाए गए शिविर के दौरान कई तरह की कमियां सामने आईं। कुछ श्रमिकों के आधार से मोबाइल नंबर लिंक नहीं थे, जबकि कुछ के आधार में दूसरे लोगों के मोबाइल नंबर दर्ज थे। कई श्रमिक ऐसे भी मिले, जिनका ई-श्रम कार्ड बना हुआ था, लेकिन उसमें दर्ज मोबाइल नंबर की जानकारी उन्हें नहीं थी।

अर्चना मिश्रा ने कहा कि इन समस्याओं को दूर करने के लिए आर्च फाउंडेशन की टीम प्रत्येक शनिवार को मेडिकल कॉलेज में निशुल्क शिविर लगाएगी। इसमें श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनाने के साथ आधार संशोधन और आयुष्मान कार्ड बनाने में भी सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मऊ के शिल्पी स्व. कल्पनाथ राय के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज के निर्माण में लगे श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।

मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. मनीष कुमार राय ने मौजूद ठेकेदारों और कर्मचारियों को प्रत्येक श्रमिक का ई-श्रम कार्ड बनवाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर हामिद अंसारी, राजीव यादव, पवन सिंह, अंकित यादव, पिंटू विश्वकर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें