शहीदों की धरती नंदगंज में डीआरएम के पहुंचते ही जगी नई उम्मीद, अब एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की आस


नंदगंज (गाजीपुर)। शहीदों की धरती के नाम से पहचान रखने वाले नंदगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन के आगमन से क्षेत्रवासियों में एक बार फिर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद जगी है। लंबे समय से ट्रेनों के ठहराव और अन्य यात्री सुविधाओं की मांग कर रहे व्यापारियों एवं नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने समाजसेवी पंकज जायसवाल के नेतृत्व में डीआरएम से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।

 

प्रतिनिधिमंडल ने नंदगंज रेलवे स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस और सुहेलदेव एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खोलने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

 

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने डीआरएम को बताया कि नंदगंज क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए वाराणसी, गाजीपुर सहित विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीदों की धरती पर स्थित नंदगंज रेलवे स्टेशन आज भी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से वंचित है, जबकि क्षेत्र की आबादी और व्यापारिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। यदि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू होता है तो इससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा नंदगंज के व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

 

वहीं स्टेशन पर आरक्षण केंद्र खुलने से यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए दूर-दराज के स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। लोगों का मानना है कि रेलवे द्वारा नंदगंज स्टेशन की उपेक्षा दूर कर यहां यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाना समय की जरूरत है।

 

डीआरएम के आश्वासन से बढ़ी उम्मीद

 

डीआरएम आशीष जैन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास करने तथा मांगों को रेलवे बोर्ड तक भेजने का आश्वासन दिया। डीआरएम के आश्वासन के बाद स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और यात्रियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में नंदगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का रास्ता साफ हो सकता है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि डीआरएम का नंदगंज आना महज एक निरीक्षण नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित स्टेशन के लिए नई उम्मीद की किरण है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें रेलवे की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें