डीएलएड परीक्षा में सॉल्वर बैठाने का मामला: नकल कराने का आरोपी क्लर्क गिरफ्तार, जेल भेजा


पवन उपाध्याय | दोहरीघाट 

मेहनाजपुर/चिरैयाकोट (मऊ)। डीएलएड परीक्षा में अपनी जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी हवलदार यादव को मेहनाजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के भेडियाधर गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए अपनी जगह फर्जी परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठाया था।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2025 को गांधी इंटर कॉलेज, कूबा (मेहनाजपुर) में डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर मूल परीक्षार्थी हवलदार यादव की जगह मोनू यादव परीक्षा देते पकड़ा गया था। जांच के दौरान फर्जी परीक्षार्थी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और कॉलेज स्टाफ ने उसे पकड़ लिया था।

मामले की विवेचना के दौरान मेहनाजपुर पुलिस ने आरोपी हवलदार यादव की तलाश शुरू की। उप निरीक्षक अमित कुमार पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

चेयरमैन के विद्यालय में क्लर्क होने की चर्चा

स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि गिरफ्तार हवलदार यादव चिरैयाकोट नगर पंचायत अध्यक्ष रामप्रताप यादव के विद्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। उसके पिता राजेंद्र यादव पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर क्षेत्र में फैलते ही चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि आरोपी पर बीएड, बीटीसी, सीटीईटी और डीएलएड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर बैठाने और नकल कराने से जुड़े आरोप लगाए जाते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने वाले नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें