मधुसूदन तिवारी | कोपागंज
मऊ। कोपागंज क्षेत्र की ग्राम सभा लाडनपुर माफी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश के बाद गांव के कई हिस्सों में जलभराव होने से रास्तों पर पानी जमा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई रास्तों पर पानी जमा होने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी इसी समस्या से जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद हर वर्ष गांव में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय तक पानी जमा रहता है। इससे रास्तों की स्थिति भी खराब हो रही है।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों और युवाओं ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। युवाओं का कहना है कि लाडनपुर माफी क्षेत्रीय मंत्री अखिलेश तिवारी का पैतृक गांव है, इसके बावजूद गांव में जल निकासी जैसी मूलभूत समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराकर संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव का स्थलीय निरीक्षण कराने, नालियों की सफाई कराने और जल निकासी के उचित इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी व्यवस्था होने से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को आवागमन में राहत मिल सकेगी तथा हर वर्ष होने वाले जलभराव से निजात मिलेगी।
