मोनू भारती | मऊ – मुहम्मदाबाद गोहना
मोहम्मदाबाद गोहना। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत पुलिस द्वारा मुकदमों में बरामद अवैध शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई जारी है। न्यायिक मजिस्ट्रेट, मऊ के आदेश के क्रम में बुधवार को थाना मोहम्मदाबाद गोहना में 20 अभियोगों से संबंधित अवैध शराब का विनष्टीकरण कराया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 340 लीटर अवैध कच्ची व देशी शराब, अंग्रेजी शराब तथा बीयर का निस्तारण किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.57 लाख रुपये बताई गई है।
विनष्टीकरण की कार्रवाई उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्निहोत्री, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में कराई गई।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत विभिन्न मुकदमों में बरामद माल और अवैध शराब के नियमानुसार विनष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बरामद शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
