धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। बाल निकेतन के पास रेलवे संपार संख्या 0/बी पर प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित बैठक में उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण में आ रही बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा।
बैठक में सेतु निगम के सहायक अभियंता ने बताया कि परियोजना के रेलवे हिस्से का निर्माण अभी शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा फ्रीहोल्ड भूमि का क्लीयरेंस, नगर पालिका की कुछ दुकानों को हटाने तथा विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य लंबित होने से भी निर्माण प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि चौक क्षेत्र में आरओबी की निर्माण सीमा में एक मस्जिद तथा सिंधी कॉलोनी के कुछ मकान भी प्रभावित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर प्रभावित संपत्तियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक देरी न हो।
जिलाधिकारी ने सेतु निगम के सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्युत विभाग को पोल शिफ्टिंग और नगर पालिका को प्रभावित दुकानों से संबंधित कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
99.63 करोड़ रुपये की परियोजना
बैठक में बताया गया कि आरओबी परियोजना के लिए कुल 9962.63 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इसमें सेतु निगम का अंश 8540.85 लाख रुपये तथा रेलवे विभाग का अंश 1421.78 लाख रुपये है। परियोजना का निर्माण नाबार्ड-28 योजना के तहत कराया जा रहा है।
परियोजना का कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे जून 2027 तक पूरा करने की समयसीमा निर्धारित है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति करीब 63 प्रतिशत बताई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से लंबित कार्यों और अनुमतियों को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य में तेजी लाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
