खड्डा, कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के भजन छपरा गांव में शनिवार देर रात विद्युत करंट की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि रविवार सुबह सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भजन छपरा निवासी संगीता (40 वर्ष), पत्नी राजकुमार, देर रात घर में किसी विद्युत उपकरण के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें बचाने के लिए तत्काल प्रयास में जुटे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।संगीता की असामयिक मृत्यु से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि करंट किस विद्युत उपकरण या कारण से लगा।

