मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के हाटा पुल के पास यूसुफपुर-बलिया रेलवे ट्रैक किनारे गुरुवार शाम एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने रात करीब 8 बजे रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव के पास परवल से भरा एक गठ्ठर भी मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी चलती ट्रेन से गिर गया होगा। उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। गिरने से अधेड़ को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में हुलिया और कपड़ों की जानकारी साझा की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रेलवे ट्रैक किनारे मिला अधेड़ का शव, चलती ट्रेन से गिरने की आशंका
