घोसी,मऊ। घोसी तहसील परिसर में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम न्यायिक राजेश कुमार अग्रवाल ने की। उनके साथ क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने भी लोगों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 127 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 90 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा विकास विभाग की 11, पुलिस विभाग की 2, विद्युत विभाग की 2, नगर पंचायत की 2 तथा समाज कल्याण विभाग की 1 शिकायत प्राप्त हुई। कुल मामलों में से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
एसडीएम न्यायिक राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान उपलब्ध कराना है। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को समाधान दिवस के माध्यम से रखें ताकि उनका पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय, नायब तहसीलदार अमरनाथ यादव, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, एसडीओ विद्युत इंद्र बहादुर मौर्य, कानूनगो परशुराम, पारसनाथ, मतीन खान, राजेश राम, लेखपाल अरविंद पाण्डेय, सौरभ राय, विवेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
Edited by Umashankar
