खड्डा कुशीनगर। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के टेंगरहा गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक द्वारा खुद को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय रोहित चौहान ने कथित तौर पर चाकू से अपना निजी अंग काट लिया, जिसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में पहले तुर्कहां सीएचसी और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे देर रात बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
परिजनों के मुताबिक युवक पिछले कई वर्षों से पारिवारिक विवाद और आर्थिक तंगी के कारण मानसिक तनाव में था। बताया गया कि उसकी पत्नी कुछ महीने पहले बच्चों के साथ मायके पक्ष में रहने चली गई थी, जिसके बाद वह लगातार परेशान रहता था। पिता जगलाल चौहान ने बताया कि युवक शराब का आदी हो गया था और पहले भी खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका था।घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। युवक की मां खेत से लौटकर घर पहुंचीं तो उसे खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मामले की सूचना अस्पताल से मिली थी। हनुमानगंज थाना प्रभारी दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि युवक का इलाज चल रहा है और अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
