धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
चिरैयाकोट/रानीपुर (मऊ)। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भारतीय जनता पार्टी की ओर से 12 अगस्त को रानीपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। “आओ चलें तिरंगे के सम्मान में, राष्ट्र के अभिमान में” के जयघोष के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रानीपुर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तिरंगा यात्रा में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए स्कूली बच्चों की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। देशभक्ति गीतों, “भारत माता की जय” और “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में डॉ. एचएन सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह, छोटू प्रसाद, मंडल अध्यक्ष अजय सिंह ‘कक्कू’, पंकज सिंह, सादिक प्रधान, रोशन सिंह, श्रेयांस सिंह और शिवम पाण्डेय समेत भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना और युवा पीढ़ी में देशभक्ति के संस्कारों को मजबूत करना है।
यात्रा में उमड़ी भीड़ और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को भव्य बना दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
