हाईवे पर ट्रैक्टर से स्टंट कर रील बनाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार, ट्रैक्टर सीज


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए हाईवे पर ट्रैक्टर के ऊपर चढ़कर स्टंटबाजी करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। मऊ पुलिस ने वायरल रील की जांच के बाद दोनों युवकों को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में हाईवे पर स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना दक्षिण टोला पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि करीब एक माह पहले रामपुर चकिया फ्लाईओवर स्थित हाईवे पर घर से ट्रैक्टर लाकर दो युवकों ने उसके ऊपर चढ़कर खतरनाक स्टंट किया और उसकी रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार को रामपुर चकिया फ्लाईओवर के पास से दोनों युवकों को उसी ट्रैक्टर के साथ हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान नितेश यादव पुत्र रमई यादव एवं संदीप यादव पुत्र राजेंद्र, निवासी रामपुर चकिया, थाना दक्षिण टोला, जनपद मऊ के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा स्टंट में प्रयुक्त ट्रैक्टर को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर स्टंटबाजी न करें, क्योंकि यह स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें