धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
यूपीआई के जरिए हुई थी ऑनलाइन ठगी, MRM पोर्टल की मदद से वापस कराई गई रकम
मऊ। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है। थाना कोतवाली नगर की साइबर पुलिस टीम ने यूपीआई के माध्यम से हुई 1,23,857 रुपये की ठगी की रकम पीड़ित को वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित को राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के सहादतपुरा निवासी अमन सिंह पटेल के साथ फोन के माध्यम से संपर्क कर यूपीआई के जरिए साइबर धोखाधड़ी की गई थी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी गई पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की।
यह कार्रवाई 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या यूपीआई पिन साझा न करें। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन और पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
