धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जनपद मऊ की मधुबन थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मधुबन के नेतृत्व में शनिवार को थाना मधुबन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सूरजपुर से लगभग 100 मीटर आगे पंचमहला के पास से आरोपी शैलेष यादव (20 वर्ष) पुत्र मैनेजर, निवासी सूरजपुर मौर्चा, थाना दोहरीघाट को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना मधुबन में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया, जिसके आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई।
पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे गांव में मेड़ बांधने के विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास किया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
