धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र में महिला से छिनैती के मामले में वांछित शातिर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा ले जाया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को चकरा से जमीनसहरुल्ला मार्ग पर एक महिला से छिनैती की घटना हुई थी। मामले में थाना हलधरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिलने पर हलधरपुर पुलिस ने जमीन बेरुकी की तरफ घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान थानाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मंयक उर्फ प्रिंस यादव के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंयक उर्फ प्रिंस यादव (23) पुत्र ओमप्रकाश यादव, निवासी टेघुनिया गोविंदपुर, थाना घोसी, मऊ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह थाना घोसी का हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 9 एमएम का एक खोखा कारतूस, की-पैड मोबाइल फोन, पीली धातु की एक जोड़ी कान की बाली और घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामले में पुलिस ने थाना हलधरपुर में मु0अ0सं0 195/2026, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान मंयक के दो साथी राजा राजभर पुत्र भृगु राजभर निवासी रसड़ी, थाना घोसी और लाला उर्फ योगेंद्र राजभर पुत्र रामअवतार राजभर निवासी रसड़ी, थाना घोसी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मंयक उर्फ प्रिंस यादव के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दोहरीघाट थाने में धमकी और आर्म्स एक्ट, मधुबन थाने में चोरी व चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे तथा सरायलखंसी थाने में चोरी, बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में की गई।
