भांवरकोल / गाजीपुर । कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी का पावन पर्व शुक्रवार को क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह को लेकर घर-घर में धार्मिक उत्सव का माहौल रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, वहीं महिलाओं ने तुलसी विवाह की रस्में पूरी कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। पर्व के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई।
बड़ी संख्या में लोग क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के बाद घरों की साफ-सफाई कर महिलाओं ने आंगन में रंगोली बनाई और पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया। घरों में गन्ने से मंडप बनाकर तुलसी विवाह की तैयारियां की गईं। भगवान विष्णु की प्रतिमा के समक्ष धूप-दीप जलाकर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान ‘उठो देव, जागो देव’ के पारंपरिक जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
दिवा लग्न होने के कारण क्षेत्र में आयोजित विवाह कार्यक्रम दोपहर दो बजे तक संपन्न हो गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने घरों में तुलसी विवाह की धार्मिक रस्में पूरी कीं। पूजा के दौरान भगवान विष्णु को गन्ना, नया गुड़ सहित विभिन्न पारंपरिक प्रसाद अर्पित किए गए।
श्रद्धालुओं ने तुलसी के मंडप की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई घरों में दीप प्रज्वलित कर पूजा के बाद प्रसाद वितरित किया गया। पंडितों के अनुसार, शाम को भद्रा होने के कारण तुलसी विवाह सहित धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दिन के शुभ मुहूर्त को प्राथमिकता दी गई। इसी वजह से दिवा लग्न में विवाह कार्यक्रम दोपहर दो बजे तक संपन्न करा लिए गए।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है और विवाह, गृहप्रवेश, यज्ञोपवीत सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। इस पर्व के साथ ही सनातन परंपरा में शुभ कार्यों के नए मुहूर्त का सिलसिला भी प्रारंभ हो जाता है।
