बारात की खुशियां मातम में बदलीं, भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत


सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव से बिहार जा रही बारात की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हनुमान राय के डेरा गांव के समीप हुआ। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भतौरा गांव से एक बारात बिहार के कैमूर जिले के विशनपुरा गांव जा रही थी। इसी दौरान हनुमान राय के डेरा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले एक बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो बाइक सवारों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घायलों की पहचान शुभम राय (22 वर्ष), निवासी सोरी तथा शिवम के रूप में हुई है। दोनों का वाराणसी में उपचार जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान बादल कुमार (30 वर्ष), इरफान अंसारी (25 वर्ष) और अरबाज खान (20 वर्ष), तीनों निवासी भतौरा गांव, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), तथा अरुण कुमार (34 वर्ष), निवासी उतरौली के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए बारात के साथ बिहार जा रहे थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कुछ ही देर में शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल जाएंगी। चार युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर तरफ शोक और सन्नाटे का माहौल है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही को उजागर कर दिया है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें