शिवपाल ने किया दावा 2027 में बनेगी सपा की सरकार भाजपा होगी सत्ता से बाहर


कासिमाबाद (गाजीपुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। किसान, व्यापारी, नौजवान, छात्र और महिलाएं बदलाव चाहते हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इसका लाभ मिलेगा।

कासिमाबाद स्थित मंगल मैरेज लॉन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा का जनाधार जमीन पर समाप्त हो चुका है। पार्टी मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति मजबूत दिखाने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता उसके खिलाफ है।

जावेद अख्तर के बयान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण किसी एक राजनीतिक दल के नहीं हैं। भगवान राम पूरे देश के हैं और हर हिंदुस्तानी के मन में बसते हैं। समाजवादी पार्टी के लोग भी भगवान राम और कृष्ण के प्रति आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि काशी और मथुरा किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि देश की जनता की आस्था के केंद्र हैं।

कांग्रेस की ओर से 181 विधानसभा सीटों की मांग के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटों की संख्या से अधिक महत्वपूर्ण चुनाव में जीत हासिल करना है। जहां जिस दल के जीतने की संभावना होगी, वहां दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष आपसी बातचीत से निर्णय लेंगे। सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

आजम खां के मामले पर उन्होंने कहा कि उनके साथ काफी उत्पीड़न हुआ है और अब न्यायालय से न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री द्वारा हिंदुओं के वोट कटने और मुसलमानों के वोट 30 प्रतिशत बढ़ने की बात कहना उचित नहीं है। उन्होंने ऐसे बयान देने वाले मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। वहीं, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी ने कभी कथा और धार्मिक आयोजनों का विरोध नहीं किया है।

पत्रकार वार्ता के बाद शिवपाल यादव कस्बे के चौराहे पर वरिष्ठ समाजसेवी राकेश सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और चुनाव में एकजुट होकर जुटने का आह्वान भी किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सैयदा शादाब फातिमा, बृजभान सिंह बघेल, असलम हुसैन, रामदरस यादव, मनोज यादव, रविंद्र यादव, बुच्ची सिंह, देवेंद्र सिंह, नीतीश कुशवाहा, मुलायम, उपेंद्र, संजय यादव, नंदलाल यादव, शशिकांत सिंह और दिनेश मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें