सेवराई (गाजीपुर)। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गहमर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल चार लोगों को पुलिस हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान सूचना मिली कि खुदरा मोड़ पर किसी बात को लेकर तीन युवक आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे युवकों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार आपस में आमादा फौजदारी रहे। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोपहर करीब 1:30 बजे तीनों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान अभय सिंह पुत्र विजय नारायण सिंह निवासी शाहपुर, थाना दिलदारनगर, प्रदीप यादव पुत्र श्रीराम यादव निवासी खुदरा पथरा, थाना गहमर तथा दीपक सिंह यादव पुत्र विजय नारायण यादव निवासी नगदीलपुर, थाना रेवतीपुर के रूप में हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह चंदेल एवं पुलिस टीम द्वारा भदौरा गांव में एक प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया। यहां पूजा यादव पुत्री मनोज कुमार यादव निवासी भदौरा, थाना गहमर और दूसरे पक्ष के राकेश कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र यादव निवासी सोहांव, थाना नरही, जनपद बलिया के बीच विवाद हो रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन राकेश कुमार यादव अपनी पत्नी पूजा यादव को साथ न भेजने की बात पर लगातार विवाद कर रहा था। साथ ही आत्महत्या करने की धमकी देते हुए अमादा फौजदारी हो रहा था। शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल आशंका पर पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे राकेश कुमार यादव को हिरासत में ले लिया।
गहमर पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह चंदेल, हेड कांस्टेबल शैतान सिंह, कांस्टेबल राहुल निषाद, देवेंद्र कुमार यादव, प्रियंका यादव और ज्ञानेंद्र कुमार भारतीय शामिल रहे।
