सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के करहिया गांव में मुकदमा दर्ज कराने की बात को लेकर विवाद कर रहे छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी छह आरोपितों को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को गहमर थाने में पंजीकृत मुकदमा संख्या 235/2026 से संबंधित धाराओं में जांच के दौरान करहिया गांव के छह लोग मुकदमा दर्ज कराने की बात को लेकर विवाद कर रहे थे। पूछताछ के दौरान सभी आक्रोशित होकर ऊंची आवाज में बात करने लगे और थाने से जाने की बात कहते हुए घर पहुंचकर मामले का फैसला करने की बात कहने लगे। पुलिस ने उनके व्यवहार को देखते हुए गांव में शांति व्यवस्था भंग होने और गंभीर अपराध घटित होने की आशंका जताई। इसके बाद उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात करीब 11 बजे सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में मिथिलेश कुमार (28), अजय राम (48), योगेंद्र प्रसाद (40), सियाराम (57), विजय कुमार (50) और सुनील कुमार राम (35) शामिल हैं। सभी करहिया गांव के निवासी बताए गए हैं।
गहमर के प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी विवाद के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस टीम: कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव, चौकी प्रभारी कामाख्या धाम, हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।
