सलामतपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भैंस के बदले दूसरी भैंस देने का वादा कर अज्ञात ठग एक किसान को अपना शिकार बनाकर दिनदहाड़े फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और न्याय की आस लगाए बैठा है।
मामला सलामतपुर निवासी किसान नन्दू प्रसाद सरोज से जुड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, ठगों की नजर किसान की भैंस पर पड़ी तो उन्होंने उसे अपने जाल में फंसाने की योजना बनाई। आरोप है कि ठगों ने किसान को उसकी भैंस के बदले दूसरी भैंस देने का भरोसा दिलाया। इसी झांसे में आकर किसान उनके साथ चल पड़ा। लेकिन ठग अपनी कथित योजना में सफल होने के बाद किसान को बीच रास्ते में पाली ग्राम सभा के पास छोड़कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब दो बजे के बाद की है। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हैरानी फैल गई। किसान को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो वह खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगा। घटना से पीड़ित परिवार काफी परेशान है।
पीड़ित किसान ने संबंधित थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की शिकायत की है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब परिवार को पुलिस कार्रवाई और न्याय मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के लालच भरे वादों पर भरोसा न करें और पशुओं की खरीद-बिक्री के दौरान पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके। वहीं पर थाना प्रभारी कासिमाबाद राजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली हुई है जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
