बहादुरगंज (गाजीपुर)। बाल दिवस के अवसर पर केएम इंटर कॉलेज में गुरुवार को विभिन्न प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए फास्ट रेस, स्लो साइकिल रेस, सैक रेस, रस्साकशी, स्पून रेस, खो-खो और म्यूजिकल चेयर सहित कई मनोरंजक एवं रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खेल के मैदान में कहीं दौड़ का रोमांच देखने को मिला तो कहीं रस्साकशी में बच्चों ने अपनी टीम भावना और सामूहिक शक्ति का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सलमान ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना रहा। बाल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम से विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर प्रिंसिपल शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रबंधक सलमान अली खान, रामायन सर, मंथन सर, योगेन्द्र सर, अरुणेंद्रनाथ त्रिपाठी, विदिशा मैम,अर्शी मैडम, मुस्कान के अलावा विद्यालय अन्य अध्यापकगण एवं कर्मचारी शामिल रहे।
