मनोज राय का सपा और अंसारी बंधुओं पर हमला, बोले मोहम्मदाबाद को विकास का हब बनाएंगे


मोहम्मदाबाद। पूर्व पीसीएस अधिकारी एवं भाजपा नेता मनोज राय ने समाजवादी पार्टी और अंसारी बंधुओं पर तीखा हमला बोलते हुए मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि मोहम्मदाबाद विकास के क्षेत्र में बेहद पिछड़ा हुआ है और क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है।

मनोज राय ने अंसारी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय तक भय और दबाव की राजनीति का प्रभाव रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “अंसारी परिवार गुंडा टैक्स वसूलता है।” उन्होंने अंसारी बंधुओं के परिजनों के बगदाद से आने का भी जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को अब ऐसी राजनीति से आगे निकलकर विकास के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोहम्मदाबाद की जनता ने लंबे समय तक विभिन्न राजनीतिक परिस्थितियों को देखा है। अब क्षेत्र के लोगों की अपेक्षा विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर बुनियादी सुविधाओं को लेकर है। उन्होंने कहा कि राजनीति का केंद्र व्यक्ति या परिवार नहीं, बल्कि आम जनता और उसका विकास होना चाहिए।
मनोज राय ने कहा कि मोहम्मदाबाद की सबसे बड़ी ताकत उसकी कृषि और किसानों से जुड़ी अर्थव्यवस्था है। यदि योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए तो क्षेत्र को कृषि के क्षेत्र में बड़ा हब बनाया जा सकता है। उन्होंने कृषि आधारित उद्योग, किसानों की उपज के बेहतर विपणन, भंडारण और प्रसंस्करण की सुविधाओं को बढ़ावा देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गांवों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है।

मनोज राय ने कहा कि मोहम्मदाबाद के विकास के लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें