लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ में आक्रोश, अतिरिक्त हल्के का बस्ता किया वापस


सेवराई (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ तहसील सेवराई इकाई ने लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आक्रोश जताते हुए अतिरिक्त हल्के का बस्ता वापस कर दिया है। संघ ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित पत्र उपजिलाधिकारी सेवराई के माध्यम से भेजा है।

संघ के तहसील अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की आधारशिला हैं, लेकिन लगातार बढ़ते कार्यभार, संसाधनों के अभाव, लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति और अतिरिक्त कार्यभार से लेखपालों में गहरा असंतोष है। अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी लिए जाने से स्थिति और खराब हो रही है।

उन्होंने बताया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का दायित्व लेखपालों पर है, बावजूद इसके उनकी न्यायोचित मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

मांगें पूरी न होने पर बुधवार को तहसील के लेखपालों ने विरोध स्वरूप अतिरिक्त कार्य का बस्ता राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा कर दिया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें