भांवरकोल/गाजीपुर। स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत क्षेत्र के शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज, शेरपुर में बुधवार को श्री अवधेश राय शास्त्री स्मृति एवं सेवा न्यास के तत्वावधान में शहीद पुत्र एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय अवधेश राय ‘शास्त्री’ की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘प्रतिभा सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अवधेश राय शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान विद्यालय की इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा आरती चौधरी तथा हाईस्कूल परीक्षा में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाली छात्रा मनीषा पटेल को स्मृति चिह्न एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वर्गीय अवधेश राय शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व, आचार-विचार और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अवधेश राय शास्त्री सादा जीवन और उच्च विचार के धनी व्यक्ति थे। राजनीति में उनका प्रवेश पद और पैसे के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवा के उद्देश्य से हुआ था।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक, विधायक और इंटर कॉलेज के प्रबंधक के रूप में उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय समाज की सेवा में लगाया। विभिन्न पदों और जिम्मेदारियों पर रहने के बावजूद उनके सरल एवं सहज स्वभाव में कभी कोई अंतर देखने को नहीं मिला। वर्ष 1985 से 1989 तक विधायक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के हित में उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय अवधेश राय शास्त्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके व्यक्तित्व में शिक्षा, सामाजिक सरोकार, सेवा भावना और सरलता का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता था। उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक उमेश चंद्र राय, प्रधानाचार्य अमित यादव, पूर्व ग्राम प्रधान जेपी राय, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि लल्लन राय, बृजेश राय शर्मा, हेमनाथ राय, मिथिलेश राय, महेंद्र नाथ राय, आलोक राय, श्याम नारायण राय, स्वदेश राय ‘सपन’, ओम प्रकाश राय ‘मुन्ना’, अक्षय कुमार राय, चंदन भारती सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद राय ने की, जबकि संचालन शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय ने किया। अंत में आगंतुकों के प्रति आभार न्यास के अध्यक्ष एवं स्वर्गीय अवधेश राय शास्त्री के पुत्र बृजेश राय शर्मा ने व्यक्त किया।
