धनतेरस-दीपावली पर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर शादियाबाद पुलिस सतर्क, थाना प्रभारी ने दिलाया भरोसा


शादियाबाद (गाजीपुर)। आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से शादियाबाद थाना प्रभारी राजू दिवाकर की अध्यक्षता में थाना परिसर में व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार की सुरक्षा,चोरी-छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पर्व के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने विशेष रूप से सर्राफा कारोबारियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए दुकानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने अथवा सुरक्षा संबंधी कोई समस्या होने पर व्यापारी तत्काल पुलिस के सीयूजी नंबर पर सूचना दें। साथ ही पुलिस का सीयूजी नंबर व्यापारियों के संगठन से भी जोड़ने की बात कही, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस से तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।

इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू अहमद ने धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजार में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बेहद जरूरी है। थाना प्रभारी राजू दिवाकर ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि कोई व्यापारी दूर-दराज से नकदी या कीमती सामान लेकर आ रहा है और उसे किसी प्रकार की सुरक्षा संबंधी चिंता है तो वह बेझिझक पुलिस के सीयूजी नंबर पर संपर्क कर सकता है। जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी उपलब्ध कराकर उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की जाएगी।

थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा जताया। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी और संगठन से जुड़े व्यापारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें