जोगा मुसाहिब और सुखडेहरा में ग्राम चौपाल, पेंशन व पेयजल की समस्याओं पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी


भांवरकोल (गाजीपुर)। विकास खंड भांवरकोल की ग्राम पंचायत जोगा मुसाहिब और सुखडेहरा में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। सुखडेहरा में पेयजल आपूर्ति और वृद्धा व विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।

जोगा मुसाहिब में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान/प्रशासक रामप्रवेश राय ने की। इस दौरान खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय कुमार मिश्रा, ग्राम पंचायत अधिकारी पंकज त्रिपाठी, पंचायत सहायक प्रदीप कुमार सहित अन्य कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

वहीं सुखडेहरा में ग्राम प्रधान/प्रशासक लाल बहादुर कनौजिया की अध्यक्षता में चौपाल हुई। यहां ग्रामीण सुरेश साह ने पेयजल समस्या उठाते हुए बताया कि गांव की पानी की टंकी और पाइपलाइन कई स्थानों पर खराब है, जिससे लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने वृद्धा और विधवा पेंशन नहीं मिलने की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि पेंशन ही बुजुर्गों और जरूरतमंदों का सहारा है, लेकिन लंबे समय से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

समस्याएं सुनने के बाद बीडीओ प्रेमचंद ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण संतोष कुमार कुशवाहा और क्षेत्रीय लेखपाल की अनुपस्थिति पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।

चौपाल में ग्राम पंचायत अधिकारी नीतू सिंह, ग्राम रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष सुधीर राय, रोजगार सेवक विपुल श्रीवास्तव, सुरेश साह, अमरनाथ राय, शिव बच्चन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें