सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के गहमर मेन रोड पर एचडीएफसी बैंक के पास पुरानी बात को लेकर आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के बीच विवाद के चलते सड़क पर भीड़ जुट गई थी, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 28 अक्टूबर को उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह चंदेल हमराह पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में देखभाल, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा प्रार्थना पत्रों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गहमर मेन रोड पर एचडीएफसी बैंक के पास दो युवक पुरानी बात को लेकर आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई थी। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और आक्रोशित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे और आमादा फौजदारी हो गए। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों को करीब 11:50 बजे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान शिवचरण राम पुत्र श्याम बिहारी राम, उम्र करीब 21 वर्ष, तथा पिंटू कुमार पुत्र स्वर्गीय अभिमन्यु राम, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी गण खुरदरा पत्थरा, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत चालान कर न्यायालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी का बयान: गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
