सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के लहना गांव में बीबी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित कंपोजिट विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का उद्घाटन जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में प्रभु श्रीराम की आरती और माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। बाउंड्रीवॉल के निर्माण से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का निर्माण लाखों रुपये की लागत से कराया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही विद्यालय परिसर में अराजकतत्वों और आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाना है, ताकि पठन-पाठन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।
विधायक ने जमानिया विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बिजली, पानी, सड़क, नाली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए बदलाव का दावा किया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तारकेश्वर यादव गुड्डू ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्रीवॉल की लंबाई 80 मीटर है, जबकि नींव को छोड़कर इसकी ऊंचाई छह फीट रखी गई है। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।
इस अवसर पर सचिव आलोक पांडेय, भुवनेश्वर सिंह, राजू चौधरी, धर्मेंद्र, भुट्टू चौधरी, शमशाद, इजहार, हीरा चौधरी, भुवनेश्वर प्रसाद, तेजू चौधरी, मुन्नीलाल शर्मा और श्रीकिशुन राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक तारकेश्वर यादव गुड्डू ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
