गहमर में दो कंटेनरों से 100 से अधिक मवेशी बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार; एक कंटेनर फरार


सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत विश्व हिन्दू महासंघ की टीम ने दो कंटेनरों को पकड़कर 100 से अधिक मवेशियों को मुक्त कराया है। इस दौरान मौके से पांच पशु तस्करों को भी दबोचा गया, जबकि एक अन्य कंटेनर चालक मौका पाकर वाहन समेत फरार होने में सफल रहा। बरामद मवेशियों और पकड़े गए आरोपितों को विधिक कार्रवाई के लिए गहमर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह ‘नचक’ को क्षेत्र से बड़े पैमाने पर मवेशियों की अवैध तस्करी किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिलाध्यक्ष ने अपनी टीम के साथ जान जोखिम में डालकर गहमर क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गुजर रहे कंटेनरों को रुकवाने का प्रयास किया गया।

जांच पड़ताल में पाया गया कि कंटेनरों के भीतर लकड़ी और लोहे का डबल मचान बनाकर 100 से अधिक मवेशियों को बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से लादा गया था। विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए दो वाहनों को कब्जे में लेकर मौके से पांच आरोपितों को दबोच लिया, जबकि अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर तीसरा कंटेनर मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल गहमर कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को महासंघ पदाधिकारियों ने सभी मवेशी और पकड़े गए आरोपितों को सौंप दिया। जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह ने पुलिस से फरार कंटेनर का पता लगाने और इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें