मध्यप्रदेश में बस हादसे में मृतक संजय शर्मा का शव पहुंचा गांव, मचा कोहराम


सेवराई (गाजीपुर)। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सेवराई गांव निवासी संजय शर्मा का शव शनिवार की सुबह पैतृक गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पति का शव देखते ही पत्नी बदहवास हो गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक का माहौल छा गया। हादसे में संजय की मौत की खबर मिलने के बाद से ही परिवार के लोग उनके शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सेवराई गांव निवासी संजय शर्मा मध्यप्रदेश में एक निजी कंपनी के माध्यम से मजदूरी का कार्य करते थे। वह छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत एनसीसी कंपनी के लिए काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को काम समाप्त होने के बाद संजय अन्य मजदूरों के साथ बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक बांध के पास बस का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण मजदूरों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस दुर्घटना में बस में सवार कुल 48 मजदूरों में से 15 मजदूर घायल हो गए, जबकि संजय शर्मा की मौत हो गई थी।

शनिवार की सुबह संजय शर्मा का शव उनके पैतृक गांव सेवराई पहुंचा तो घर में मातम पसर गया। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी वहां जुट गए। हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों ने भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

वहीं, मृतक के शव के साथ गांव पहुंचे कंपनी के एक कर्मचारी ने अंतिम संस्कार के लिए कंपनी की ओर से संजय शर्मा की पत्नी को 50 हजार रुपये नकद सौंपे। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें