सेवराई (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ शाखा जनपद गाजीपुर के निर्देश पर शुक्रवार को लेखपाल संघ की सेवराई तहसील इकाई का चुनाव संपन्न हुआ। पर्यवेक्षक संदीप यादव, चुनाव अधिकारी विजय सिंह तथा सहायक चुनाव अधिकारी दीनदयाल यादव की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई गई। चुनाव में तहसील इकाई के सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्वाचन में अमरेन्द्र कुमार को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं सुगम सिंह यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, काशीनाथ यादव कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सुधांशु प्रकाश मंत्री, श्याम सुंदर उपमंत्री, शेषनाथ कुशवाहा कोषाध्यक्ष तथा अभय यादव को आय-व्यय निरीक्षक निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
पत्रक के अनुसार प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। निर्वाचित पदाधिकारियों को वरिष्ठ लेखपाल ओंकार लाल श्रीवास्तव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा। लेखपालों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके निराकरण के लिए अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाएगा। साथ ही संगठन की एकजुटता और आपसी समन्वय को मजबूत बनाए रखने के लिए कार्य किया जाएगा।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भी लेखपालों के हित में एकजुट होकर कार्य करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। निर्वाचन संपन्न होने के बाद लेखपाल संघ के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर सुनील भारती,झिंगुरी राम,पीयूष सिंह,ऋषिकेश राम,जीतलाल चौधरी,धर्मेंद्र यादव, चंद्रदीप यादव, कर्मजीत,छोटे लाल,अनिल राम,चमन लाल,राम दुलार,शहंशाह आलम सहित समस्त लेखपाल मौजूद रहे।
