– पीडीए जनपंचायत में सामाजिक, राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों पर हुई चर्चा
कासिमाबाद। समाजवादी पार्टी की ओर से शुक्रवार को कासिमाबाद स्थित एक मैरेज हाल में पीडीए जनपंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक एवं वंचित वर्ग के लोगों की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी, अधिकारों तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक आरएस कुशवाहा ने कहा कि मौर्य समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। चंद्रगुप्त मौर्य से लेकर सम्राट अशोक तक मौर्य वंश ने देश के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सम्राट अशोक ने अपने शासनकाल में मानवता, शांति और जनकल्याण का संदेश दिया। वहीं भगवान बुद्ध ने अपने विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से पूरे विश्व को सत्य, अहिंसा और करुणा का मार्ग दिखाया। ऐसे महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसके इतिहास, शिक्षा और संगठन से होती है। समाज के लोगों को अपने इतिहास और महापुरुषों के योगदान को जानने के साथ ही आने वाली पीढ़ी को भी इससे अवगत कराना चाहिए। वर्तमान समय में समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की आवश्यकता है। संगठित समाज ही अपने अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठा सकता है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरएस कुशवाहा ने कहा कि आज शोषित, वंचित, दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है। सरकार की नीतियों से गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से युवाओं के सामने रोजगार का संकट गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है। समाज के कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा में समान अवसर मिलना चाहिए। पीडीए जनपंचायत का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं पर संवाद करना तथा उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से जागरूक करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने तथा समाज की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृत कुशवाहा ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष जयहिंद यादव ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, महेंद्र चौहान, योगेंद्र राय, हरेंद्र विश्वकर्मा, जयहिंद राजभर, रियाज अहमद अंसारी, रविंद्र प्रताप यादव, शिवजी वर्मा, कृष्णा मौर्य, हरिहर कुशवाहा, बब्बन पांडेय, आदिल लोक सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
