संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
जखनियां/गाजीपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संपर्क अभियान कलश वंदन यात्रा के तहत भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्ण बिहारी राय ने जखनियां विधानसभा क्षेत्र के खुटहा गांव स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं वंदन किया। इसके बाद यात्रा जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के मलेठी गांव पहुंची, जहां शिव मंदिर में पूजन-वंदन के उपरांत यात्रा का रात्रि विश्राम रखा गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी महान संत, समाज सुधारक और मानवतावादी विचारक थे। उन्होंने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक विषमता के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया। उनका पूरा जीवन मानव मात्र की समानता, प्रेम, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने यह संदेश दिया कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति, जन्म या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्म, सदाचार और मानव सेवा से होती है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। संत रविदास जी का विचार था कि ऐसा समाज होना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समानता और स्वतंत्रता के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।
श्री राय ने कहा कि संत रविदास महाराज की वाणी में सामाजिक चेतना के साथ-साथ आध्यात्मिकता और राष्ट्रहित की भावना भी निहित थी। उन्होंने अपने आचरण से समाज को बताया कि सच्ची भक्ति वही है, जिसमें मानव सेवा, सद्भाव और परोपकार की भावना हो। उनके विचारों ने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों में आत्मविश्वास जगाने का कार्य किया। आज उनके विचार सामाजिक समरसता और एकजुट समाज के निर्माण में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि समरसता संपर्क अभियान कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि संत रविदास जी के समतामूलक विचारों और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और आपसी भेदभाव को समाप्त कर प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करना ही संत रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक राजेश सोनकर, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुधाकर कुशवाहा, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, जिला मंत्री हंसराज राजभर, कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रमोद राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज यादव, पूर्व मंडल महामंत्री श्रवण सिंह, पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष धनंजय प्रजापति, मंडल महामंत्री मुकेश सिंह सहित पार्टी के अनेक सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान ग्रामीण मातृशक्ति एवं ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिरों में श्रद्धापूर्वक पूजन-वंदन कर संत रविदास महाराज को नमन किया गया। ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत करते हुए सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश दिया।
