नंदगंज(गाजीपुर) सावन माह में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा गुरुवार को उस समय देखने को मिला, जब देवकली ब्लॉक के ग्राम नैसारे से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए कांवड़ियों का आठ सदस्यीय जत्था ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ नंदगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ।
जत्थे का नेतृत्व पवन महादेव कर रहे हैं। श्रद्धालु पहले सुल्तानगंज पहुंचेंगे, जहां उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल भरकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ करेंगे। इसके बाद वे पैदल यात्रा करते हुए झारखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे और वहां भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन करेंगे।
रवाना होने से पूर्व सभी कांवड़ियों ने भगवान शिव का स्मरण करते हुए यात्रा की सफलता और मंगलमय संपन्नता की कामना की।
पवन महादेव ने बताया कि सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम की कांवड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। गंगाजल लेकर बाबा धाम पहुंचकर जलाभिषेक करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी करेंगे।
इस जत्थे में पवन महादेव, संतोष, दिनेश, पंकज, बृजेश, बबलू और चंद्रशेखर सहित कुल आठ श्रद्धालु शामिल हैं। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से सभी श्रद्धालु सकुशल यात्रा पूरी कर गांव लौटेंगे। सावन के पावन अवसर पर क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम की यात्रा पर निकल रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
