सादात। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के दीक्षांत समारोह में सोमवार को क्षेत्र का मान प्रदेश में बढ़ गया। जखनियां के मेधावी छात्र शाश्वत सूर्यवंशी (ओम जी) को एम.एससी (रसायन विज्ञान) में पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) से सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के मुख्य समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शाश्वत सूर्यवंशी को गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया। इस दौरान राज्यपाल ने शाश्वत की मेधा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शाश्वत ने विज्ञान संकाय के अंतर्गत एम.एससी केमिस्ट्री में 92.3% अंक प्राप्त कर यह कीर्तिमान स्थापित किया है।
उल्लेखनीय है कि शाश्वत सूर्यवंशी पूर्वांचल के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान ‘ओमजी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस’ (जखनियां) के प्रबंध निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह के सुपुत्र हैं। डॉ. मनोज कुमार सिंह, अखिल भारतीय स्ववित्तपोषित विश्वविद्यालय महाविद्यालय एसोसिएशन, नई दिल्ली के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। शाश्वत ने अपनी इस सफलता से न केवल अपनी माता रेनू सिंह और पिता डॉ मनोज कुमार सिंह, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शाश्वत की इस ऐतिहासिक शैक्षणिक उपलब्धि पर शिक्षण संस्थाओं से जुड़े लोगों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध वर्ग, शिक्षकों और शुभेच्छुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से लोग डॉ. मनोज कुमार सिंह और उनके सुपुत्र शाश्वत को बधाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि शाश्वत की यह सफलता क्षेत्र के अन्य ग्रामीण युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
