सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा गांव में सोमवार को शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक परिवार की गृहस्थी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की इस घटना में घर में रखा करीब 18 हजार रुपये नकद, आभूषण तथा अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार भदौरा गांव निवासी मीना राजभर, पत्नी स्वर्गीय वंश नारायण राजभर, अपने घर के दलान में सो रही थीं। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुआं और आग की लपटें देखकर मीना राजभर ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, फर्नीचर सहित दैनिक उपयोग का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखे लगभग 18 हजार रुपये नकद तथा आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने के करीब छह घंटे बाद हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी तहसीलदार सेवराई पंकज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख,ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर पाया काबू
