पूर्व प्रधानाध्यापिका एवं समाजसेवी भगवती सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर


 

नंदगंज (गाजीपुर)। नंदगंज क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद समाचार है कि नंदगंज पत्रकार परिषद के मीडिया प्रभारी, शताब्दी न्यूज के पत्रकार तथा भारतीय ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, गाजीपुर (सैदपुर तहसील) के सम्मानित वरिष्ठ सदस्य पत्रकार विवेक सिंह की पूज्य दादी, 95 वर्षीय पूर्व प्रधानाध्यापिका श्रीमती भगवती सिंह का रविवार 12 जुलाई को सायंकाल लगभग 7 बजे उनके पैतृक निवास पारस गली, बरहपुर, नंदगंज में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

श्रीमती भगवती सिंह शिक्षा जगत की एक सम्मानित एवं प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व थीं। उन्होंने अपने लंबे शिक्षकीय जीवन में न केवल हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा का प्रकाश दिया, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों की अलख भी जगाई। उनके सरल, सौम्य एवं सेवाभावी स्वभाव के कारण वे क्षेत्र के लोगों के बीच अत्यंत लोकप्रिय और आदरणीय थीं।

उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने उनके निधन को शिक्षा एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

सोमवार की सुबह 9 बजे उनके निवास स्थान नंदगंज से अंतिम यात्रा श्रद्धापूर्वक निकाली गई। अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को काशी के मणिकर्णिका घाट ले जाया गया, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, पत्रकार, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

नंदगंज पत्रकार परिषद, भारतीय ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, शताब्दी न्यूज परिवार सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों ने श्रीमती भगवती सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उनकी सादगी, शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज सेवा की भावना सदैव लोगों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें