जिला जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल में अनुज ने जीता स्वर्ण, मंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयन


सेवराई (गाजीपुर)। इंदिरा गांधी स्टेडियम, गाजीपुर में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल-2026 में सनबीम स्कूल, दिलदारनगर के कक्षा 10 के छात्र अनुज कुमार गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 60–63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 27 जुलाई को आयोजित होने वाली मंडलीय जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल के लिए उनका चयन किया गया है। जिला ट्रायल में अनुज ने आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और दमदार खेल का प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उन्होंने मंडलीय प्रतियोगिता में गाजीपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।

मंडलीय जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल में गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर और चंदौली के प्रतिभाशाली मुक्केबाज भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 10 से 13 अगस्त 2026 तक चित्रकूट स्टेडियम में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपने-अपने मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अनुज की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए मंडलीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने भी अनुज की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें