गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के सुखडेहरा गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर धान के पौधे रोपकर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यह मार्ग सुखडेहरा गांव के पश्चिमी छोर के साथ-साथ किशुनपुरा और दोनपाह गांवों के लोगों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसी सड़क से होकर ग्रामीण मातृशिशु कल्याण उपकेंद्र, श्री आर्यवैदिक हाई स्कूल सुखडेहरा, ब्लॉक मुख्यालय तथा अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण विद्यार्थियों, मरीजों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर 13 अप्रैल को ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से बरसात के मौसम में सड़क को गड्ढा मुक्त कर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रतिपल राय, मानसिंह यादव, अमित सिंह, सुनील राय, सोनू राय, अनुज कुमार, अंबरीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजेश यादव ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और समस्या के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
