शादियाबाद में सीमेंट घोटाले का आरोप, घटिया गुणवत्ता और कम वजन से मकान निर्माण पर संकट


गाजीपुर। जनपद के थाना शादियाबाद क्षेत्र से निर्माण सामग्री में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। मकान निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, नामी ब्रांड के नाम पर घटिया और कम वजन वाला सीमेंट बेचा गया, जिससे निर्माणाधीन मकान की मजबूती तक खतरे में पड़ गई है।

थाना शादियाबाद क्षेत्र के कस्बाकोइरी निवासी रोहित गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपने मकान निर्माण कार्य के लिए उत्कर्ष बिल्डिंग मैटेरियल, परेवा जबरापार के माध्यम से एजेन्सी हाउस अक्लपुरा खोवा मंडी रोड गाजीपुर से 120 पैकेट एसीसी गोल्ड सीमेंट खरीदा था। आरोप है कि एजेंसी संचालक वीरेन्द्र पाण्डेय द्वारा सीमेंट को “नंबर-वन गुणवत्ता” का बताकर बेचा गया था।

पीड़ित के अनुसार, जब निर्माण कार्य शुरू हुआ तो मिस्त्री ने सीमेंट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसे घटिया किस्म का बताया। शक होने पर जब सीमेंट की बोरियों का वजन कराया गया, तो हर बोरी में मानक से 2 किलो से लेकर 6 किलो तक वजन कम पाया गया। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी प्रभावित हो गई।

रोहित गुप्ता का आरोप है कि छत की ढलाई के बाद पानी टपकने लगा और सीमेंट सही पकड़ नहीं बना रहा है। इससे पूरे मकान की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने एजेंसी संचालक से शिकायत कर जांच कराने की मांग की, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई इंजीनियरिंग जांच नहीं कराई गई।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष इकरामुल हक का कहना है कि यदि नामी ब्रांड के नाम पर घटिया और कम वजन वाला सीमेंट बेचा जा रहा है, तो यह सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी है। साथ ही इससे लोगों की जान-माल को भी खतरा हो सकता है, क्योंकि कमजोर निर्माण भविष्य में बड़े हादसों की वजह बन सकता है।

थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा सीमेंट की गुणवत्ता और वजन संबंधी आरोपों की भी पड़ताल कराई जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें