संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
भांवरकोल/ गाजीपुर। स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरपुर में महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए अलग से ओपन जिम और खेल पार्क विकसित किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। यह निर्णय शुक्रवार को ग्राम प्रधान श्रीमती अंजली राय की अध्यक्षता में ग्राम सचिवालय शेरपुर के सभागार में आयोजित ग्राम पंचायत कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। पूर्व निर्धारित सूचना के अनुसार आयोजित बैठक में कुल 15 सदस्यों में से 11 ग्राम पंचायत सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य आकर्षण ग्राम पंचायत में स्थित गाटा संख्या 3238 पर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष रूप से ओपन जिम और खेल पार्क विकसित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करना रहा। ग्रामीणों ने इस पहल को महिलाओं के स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। बैठक में डिजिटल शिक्षा और युवाओं के अध्ययन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत में ई-लाइब्रेरी की स्थापना का प्रस्ताव भी पारित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा। इसके अलावा बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों पर ग्राम पंचायत सदस्यों ने गहरा असंतोष व्यक्त किया। सदस्यों ने बताया कि वार्ड नंबर 1 धर्मपुरा में अब तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच पाई है। कई स्थानों पर पाइप लाइन टूटी हुई है तथा सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पंचायत सदस्यों ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत और कार्य पूर्ण कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।
बैठक की जानकारी देते हुए ग्राम सचिव सूर्यभान राय ने बताया कि ग्राम पंचायत कार्यकारिणी की यह वित्तीय वर्ष 2026-27 की अंतिम बैठक थी, जिसमें आगामी वर्ष में कराए जाने वाले विकास कार्यों को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में महिलाओं के लिए ओपन जिम, शेरपुर खुद में छठ घाट का सुंदरीकरण, सेमरा स्थित गंगा तट पर सामुदायिक शौचालय निर्माण, पंचायत उत्सव भवन, ई-लाइब्रेरी स्थापना, शिकायत एवं सुझाव पेटिका लगाने तथा ग्राम सभा की आय बढ़ाने के लिए जारी किए जाने वाले अभिलेखों पर ₹10 शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुरस्कार हेतु ग्राम पंचायत शेरपुर का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में ग्राम प्रधान श्रीमती अंजली राय के अलावा ग्राम पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राय, शशिभूषण राय, रमेश राम, राम प्रसाद चौधरी, सुरेश राम, रमेश राय, कमलेश शर्मा, विनोद गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
