बहादुरगंज गाज़ीपुर। बहादुरगंज क्षेत्र के तमसा नदी स्थित करधान घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक गौतम मद्धेशिया की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर नगरवासियों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक गौतम मद्धेशिया शुक्रवार देर रात घर से टहलने के लिए निकला था। परिजनों के अनुसार वह तमसा नदी के करधान घाट की ओर चला गया, जहां अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर पड़ा और गहरे पानी में डूब गया। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों को नदी किनारे उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। बाद में युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेश दुबे तथा कोतवाल राजनारायण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक के भाई नीतीश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गौतम रात करीब एक बजे घर से निकला था। आशंका जताई जा रही है कि नदी किनारे चलते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से करधान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बताया जाता है कि गौतम मद्धेशिया के पिता स्वर्गीय बृजेश मद्धेशिया भाजपा के मंडल अध्यक्ष रह चुके थे। उनका दो वर्ष पूर्व निधन हो गया था। क्षेत्र में उनका नाम भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं में लिया जाता था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
