ट्रांसफार्मर जलने से दो दिन से ठप बिजली आपूर्ति, भीषण गर्मी में लोग बेहाल


सेवराई। तहसील क्षेत्र के स्थानीय गांव में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने से संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति बीते दो दिनों से ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली निगम द्वारा महेशरा पोखरा के पास क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था। ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी और तेल की कमी के कारण वह दो दिन पहले जल गया। इसकी सूचना तत्काल बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन दो दिन बीतने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बंद होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। बिजली न रहने से घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं पानी की आपूर्ति भी बाधित होने से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई बुजुर्गों और महिलाओं की तबीयत भी गर्मी के कारण बिगड़ने लगी है। उधर क्षेत्र के गोडसरा गांव में भी रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति के दौरान अघोषित कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बिजली कटने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है और उमस भरी गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में अवर अभियंता राजकुमार गौतम ने बताया कि जला हुआ ट्रांसफार्मर बुधवार शाम तक बदलकर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली की कटौती रोस्टर के अनुसार की जा रही है तथा उपकेंद्र स्तर से कोई अतिरिक्त कटौती नहीं की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें