सेवराई। तहसील मुख्यालय स्थित भदौरा बस स्टैंड पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर के कहर से चार दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान एक दुकानदार दुकान के अंदर सो रहा था, जो संयोगवश बाल-बाल बच गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई। जानकारी के अनुसार घटना रात्रि करीब ढाई बजे की है। पीड़ित दुकानदार जितेंद्र प्रसाद गुप्ता (30) पुत्र स्व. अशोक गुप्ता, विवेकानंद चौरसिया पुत्र स्व. कृष्णानंद चौरसिया, रामानंद गुप्ता पुत्र नन्हे प्रसाद तथा शशिकांत गुप्ता पुत्र नन्हे प्रसाद ने बताया कि प्रतिदिन की तरह सभी लोग दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे, जबकि जितेंद्र प्रसाद गुप्ता भोजन करने के बाद अपनी दुकान में ही सोने चले गए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े डंपर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर चारों दुकानों में जा घुसा, जिससे दुकानों के टिन शेड, मिठाई का एसी काउंटर, गुमटी तथा अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय दुकान के अंदर सो रहे जितेंद्र प्रसाद गुप्ता किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर तथा डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि भदौरा तिराहे पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से तिराहे के आसपास स्पीड ब्रेकर बनवाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर प्राप्त हुई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भदौरा बस स्टैंड पर देर रात ट्रेलर का कहर, चार दुकानें क्षतिग्रस्त; दुकान में सो रहा दुकानदार बाल-बाल बचा
