फर्जी अस्पतालों पर प्रशासन का शिकंजा, नंदगंज में अस्पताल सीज,गरीब मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़, छोटे रोग को बड़ा बताकर हो रही थी लूट


नंदगंज (गाजीपुर) नंदगंज क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर बन्तरा हाईवे पर संचालित एक फर्जी अस्पताल को सीज कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सैदपुर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अस्पताल को बंद कराया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जबकि एक महिला मरीज भर्ती अवस्था में मिली।

एडिशनल सीएमओ डॉ. रामकुमार ने बताया कि इस अस्पताल के खिलाफ पहले भी 29 अगस्त 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था, इसके बावजूद यहां अवैध रूप से मरीजों का इलाज जारी था। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और तत्काल अस्पताल को सील कर दिया।

जांच के दौरान छपरा सादात निवासी रुचि राजभर नामक महिला मरीज अस्पताल में भर्ती मिली। परिजनों के अनुसार वह पेट दर्द से पीड़ित थी और पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस की सहायता से महिला को देवकली स्वास्थ्य केंद्र भेजकर भर्ती कराया।

इसके बाद टीम बरहपुर स्थित शिव हॉस्पिटल पहुंची, लेकिन वहां अस्पताल बंद मिला और संचालक मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित लोगों पर कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कार्रवाई की लोगों ने की सराहना

“डॉक्टर को भगवान कहा जाता है, कुछ लोग पेशे को बदनाम कर रहे”

फर्जी अस्पतालों पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी अस्पतालों के नाम पर गरीब मरीजों की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है। छोटे-छोटे रोगों को गंभीर बीमारी बताकर मरीजों से मोटी रकम वसूली जाती है, जिससे गरीब परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट जाते हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि डॉक्टर को समाज में भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन कुछ लालची लोग इस पवित्र पेशे को बदनाम करने में लगे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ न हो सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें