मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। स्थानीय तहसील अंतर्गत मोहम्मदाबाद स्थित ए के इंटरनेशनल स्कूल परिसर में शनिवार को मातृ दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर कहकशा बेगम, ट्रस्टी नेहाल खान तथा प्रधानाचार्य अभिषेक राय द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में माताओं एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत सभी माताओं के भव्य स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नृत्य, गीत, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। माताओं ने भी बच्चों के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आनंद उठाया। माताओं के लिए आयोजित रोचक खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी, उत्साह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों के लिए स्वादिष्ट जलपान एवं स्नैक्स की भी विशेष व्यवस्था की गई।
विद्यालय ट्रस्टी नेहाल अहमद खान द्वारा उपस्थित सभी माताओं का स्वागत किया गया, जबकि विद्यालय परिवार की ओर से डायरेक्टर कहकशा बेगम ने सभी माताओं को उपहार भेंट कर मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 9 की छात्रा अश्वधि तथा विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका शाबाना बेगम ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की तैयारी में दीपू चौधरी, आतिया खान, श्रेया राय, प्रतिज्ञा राय, प्रियंका कुमारी एवं नाजिया परवीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं नर्सरी से यूकेजी तक की अध्यापिकाओं ने बच्चों को तैयार कर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कराए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अभिषेक राय ने सभी आगंतुकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
